मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण को लेकर राजनैतिक दलों के साथ बैठक सम्पन्न

जौनपुर, 17 जनवरी 2026। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ गहन विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने हेतु फार्म-6 भरने पर विशेष जोर दिया गया।
मा. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि 18 जनवरी 2026 को सभी मतदान केन्द्रों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची के आलेख्य प्रकाशन का पठन किया जाएगा तथा दावा एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जाएंगी। उन्होंने सभी राजनैतिक दलों से अपील की कि वे अपने बीएलए के माध्यम से मतदाताओं को मतदान केन्द्रों तक भेजें एवं जागरूक करें, ताकि जिन नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, वे फार्म-6 भर सकें।
उन्होंने यह भी बताया कि आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली में जिन मतदाताओं की फोटो अथवा मोबाइल नंबर दर्ज नहीं है, उनसे आवश्यक विवरण प्राप्त कराने में बीएलओ को बीएलए के माध्यम से सहयोग प्रदान किया जाए। नो-मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाने के पश्चात 21 जनवरी 2026 से चयनित स्थानों पर सुनवाई की जाएगी।
आयोग द्वारा निर्धारित चार अर्हक तिथियों—01 जनवरी, 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर—के अनुसार जो मतदाता अर्हता प्राप्त कर रहे हैं, उनसे अग्रिम रूप से फार्म-6 प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
फार्म-6 भरते समय जन्मतिथि प्रमाण हेतु जन्म प्रमाण-पत्र, भारतीय पासपोर्ट, पैन कार्ड, कक्षा 10 या 12 का प्रमाण-पत्र (यदि जन्मतिथि अंकित हो) संलग्न किए जाने के निर्देश दिए गए। वहीं निवास प्रमाण के लिए बैंक/डाकघर की पासबुक, जल/बिजली/गैस बिल (कम से कम एक वर्ष पुराना), भूमि स्वामित्व अभिलेख, पंजीकृत किरायानामा अथवा विक्रय विलेख संलग्न किए जाने को कहा गया। फार्म हिन्दी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में स्पष्ट रूप से भरने के निर्देश दिए गए।
18 जनवरी 2026 को पूर्ववत सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूची का पठन एवं फार्म भरने की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष संग्राम भारती, कांग्रेस उपाध्यक्ष राकेश सिंह डब्बू, भाजपा से सुदर्शन सिंह, सीपीआईएम से किरन शंकर रघुवंशी, अपना दल (एस) से लाल बहादुर पटेल, आम आदमी पार्टी से सुभाष चंद्र गौतम, कांग्रेस से अली अंसारी, भाजपा से स्कन्द पटेल एवं पीयूष सहित अन्य राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानन्द झा, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

No comments

Post a Comment

Home