जौनपुर। नगर के जोगियापुर स्थित शिव गोपाल घाट पर समाजवादी महिला सभा की प्रदेश सचिव उषा जायसवाल के नेतृत्व में चाइनीज मांझा के खिलाफ जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान अभिभावकों और बच्चों को चाइनीज मांझे से होने वाले खतरों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रदेश सचिव उषा जायसवाल ने कहा कि चाइनीज मांझा आज मौत का मांझा बन चुका है। इसके कारण जनपद के दो नौजवान—संदीप तिवारी एवं डॉ. समीर—की असमय मृत्यु हो चुकी है, जिससे उनके परिवार पूरी तरह बिखर गए हैं। उन्होंने इसे जनपद के लिए बेहद शर्मनाक घटना बताते हुए कहा कि चाइनीज मांझे पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन को अब तक ठोस कदम उठाने चाहिए थे, जो दुर्भाग्यवश नहीं उठाए गए।
उन्होंने कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन से मांग की कि मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनके परिवारों का जीवन यापन सुचारू रूप से चल सके। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझे का उपयोग होता दिखाई दे, तो उसे रोकने का प्रयास करें।
उषा जायसवाल ने कहा कि मानवता को सर्वोपरि रखते हुए हमें अपने शौक पर नियंत्रण रखना होगा। चाइनीज मांझा किसी भी रूप में स्वीकार्य नहीं है। यह जागरूकता अभियान एक सामाजिक दायित्व के रूप में निरंतर जारी रहेगा और इसका उद्देश्य जौनपुर के अंतिम व्यक्ति तक यह संदेश पहुंचाना है कि चाइनीज मांझा जानलेवा है।
इस अवसर पर समाजवादी महिला सभा की विधानसभा अध्यक्ष सुशीला यादव, विधानसभा महासचिव पूनम यादव, राधा यादव, शालिनी यादव, पिंकी गुप्ता, पूनम निषाद, रंजना निषाद, प्रीति जायसवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
No comments
Post a Comment