( पंकज तिवारी)
बड़ागांव (वाराणसी)। गांगकला क्षेत्र स्थित त्रिपदा पब्लिक स्कूल में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पांच दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ बड़े उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत चारों सदनों के विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट से हुई। इसके पश्चात एकता के प्रतीक मशाल प्रज्ज्वलन के माध्यम से अतिथियों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में खेल खेलने का संदेश दिया।खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि भवनाथ सिंह (पूर्व प्राचार्य, श्री बलदेव पी.जी. कॉलेज, बड़ागांव) रहे। विशिष्ट अतिथियों में आशीष मिश्रा (एडवोकेट, हाईकोर्ट), डॉ. दिलीप पटेल (गौरव पाली क्लिनिक), विकास दत्त मिश्रा, रमेश पटेल एवं जामसदिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों को खेल को खेल भावना से खेलने एवं अनुशासन का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
सनातन परंपरा अतिथि देवो भव: को चरितार्थ करते हुए विद्यालय के प्रबंध निदेशक कन्हैया लाल पटेल ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन जूनियर बॉयज कबड्डी में स्वामी विवेकानंद सदन ने ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सदन को 37–16 के अंतर से पराजित कर विजय प्राप्त की। वहीं दूसरी कबड्डी प्रतियोगिता में आर्यभट्ट सदन ने राधा सदन को 28–13 से हराकर जीत दर्ज की।
100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में कक्षा 1 से 11 तक के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसमें राधाकृष्णन सदन ने 12 स्वर्ण, 3 रजत एवं 12 कांस्य पदक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। स्वामी विवेकानंद सदन 11 स्वर्ण, 12 रजत एवं 8 कांस्य पदकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि कलाम सदन 7 स्वर्ण, 7 रजत एवं 5 कांस्य पदकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के हेड बॉय वैभव मिश्रा एवं हेड गर्ल रिया पटेल ने प्रभावशाली ढंग से किया। विद्यालय के प्रबंधक कन्हैया लाल पटेल एवं प्रधानाचार्य संदीप सिंह ने मुख्य अतिथि एवं आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है।
इस अवसर पर उप प्रबंधक प्रेमचंद सिंह, शैक्षणिक निदेशक राकेश कुमार चौबे, सह निदेशक सचेंद्र मिश्रा, सुनील सिंह, सह निदेशिका प्रमिला वर्मा, उप प्रधानाचार्य शिवशंकर मौर्य सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
No comments
Post a Comment