जौनपुर। मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में शनिवार को जिला चिकित्सालय जौनपुर के सहयोग से भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मानवता और सेवा के संदेश से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की एनएसएस इकाई तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए उत्साहपूर्ण सहभागिता दर्ज की।
चिकित्सकीय टीम की निगरानी में कॉलेज परिसर में रक्तदान की पूरी प्रक्रिया सुरक्षित, व्यवस्थित एवं वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप सम्पन्न हुई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने स्वयं रक्तदान कर विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान सर्वोच्च मानव-सेवा है, इससे बड़ा कोई दान नहीं।”
रक्तदाताओं को जिला चिकित्सालय द्वारा प्रदान किए जाने वाले डोनर सर्टिफिकेट विशिष्ट अतिथि विधायक लकी यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव एवं प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने संयुक्त रूप से वितरित किए। अतिथियों ने विद्यार्थियों की सेवा-भावना की सराहना करते हुए रक्तदान को “जीवनदान की पवित्र परंपरा” बताया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करने वाले डॉ. सैफ खान, डॉ. अर्पित, डॉ. नवीन, शालिनी, आलोक, सी.पी. सिंह, विवेक, अरुण सिंह सहित जिला चिकित्सालय की संपूर्ण स्वास्थ्य टीम का विशेष योगदान रहा। टीम ने रक्तदान से पूर्व सभी प्रतिभागियों की स्वास्थ्य जाँच कर शिविर की सुरक्षा एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की।
कार्यक्रम में डॉ. जीवन यादव, डॉ. नीलेश सिंह, डॉ. विवेक विक्रम सिंह, डॉ. अमित जायसवाल, आर.पी. सिंह, डॉ. गुलाब मौर्य, डॉ. प्रज्वलित, डॉ. आशीष, संतोष सिंह, प्रवीण यादव, अहमद अब्बास, तकरीम फातिमा, उमरा खान, राजन पांडेय सहित अन्य शिक्षकों, स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
रक्तदान शिविर के सफल आयोजन के साथ महाविद्यालय परिसर में मानवता, सहयोग और युवा ऊर्जा का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ।
No comments
Post a Comment