बदलापुर में मिशन शक्ति-5 के तहत कन्या पूजन कार्यक्रम सम्पन्न

बदलापुर में मिशन शक्ति-5 के तहत कन्या पूजन कार्यक्रम सम्पन्न
जौनपुर, 28 सितम्बर 2025 – शारदीय नवरात्रि के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे 90 दिवसीय "मिशन शक्ति-5" विशेष अभियान के अंतर्गत बदलापुरखुर्द स्थित कम्पोजिट विद्यालय में कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मा0 विधायक बदलापुर श्री रमेश चन्द्र मिश्र, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री पुष्पराज सिंह तथा एएसपी गोल्डी गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मंत्रोच्चार के बीच लगभग 300 बच्चियों का विधिवत कन्या पूजन किया गया तथा उन्हें फल, उपहार और मिठाई वितरित की गई।
इस अवसर पर विधायक श्री मिश्र ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण हेतु लगातार कार्य कर रही है। आज नारी शक्ति को किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है, बस अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना जरूरी है।
जिलाधिकारी डॉ. चन्द्र ने बालिकाओं से संवाद करते हुए कहा – “आप सब शक्ति स्वरूप हैं, निडर होकर समाज में अपनी भागीदारी निभाएं। प्रशासन का दायित्व है कि बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करे।” उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों – 1090, 112, 108, 1076, 102 और 1098 की जानकारी भी दी।
एएसपी गोल्डी गुप्ता ने महिला हेल्पलाइन 1090, 112 और 181 की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि मिशन शक्ति-5 के तहत लगातार ऐसे कार्यक्रम होंगे, जिनसे बालिकाओं को निडर होकर आगे बढ़ने और अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े होने की प्रेरणा मिलेगी।
अंत में एसडीएम बदलापुर, सीओ बदलापुर, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और सम्मानित नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

No comments

Post a Comment

Home