शारदीय नवरात्रि पर मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत हरदीपुर में 301 कन्याओं का पूजन

जौनपुर, 30 सितम्बर शासन के निर्देशानुसार प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन हेतु संचालित मिशन शक्ति फेज-5 तथा शारदीय नवरात्रि के शुभ अवसर पर प्राथमिक विद्यालय हरदीपुर में भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में मा० राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चन्द्र यादव, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती मनोरमा मौर्या, जिलाधिकारी डा० दिनेश चन्द्र सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर 301 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन, पांव पखारकर भोजन कराया गया और उपहारस्वरूप ज्योमेट्री बाक्स, कलर बाक्स, पेंसिल, कला कापी एवं मिष्ठान वितरित किए गए।
राज्यमंत्री श्री यादव ने कहा कि कन्याओं का पूजन जीवन में कल्याणकारी होता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी के निर्देश पर 1090 महिला पावर लाइन, 181 हेल्पलाइन व 1098 चाइल्डलाइन के माध्यम से महिलाओं-बालिकाओं को त्वरित न्याय मिल रहा है। जिलाधिकारी डा० दिनेश चन्द्र ने कहा कि बालक और बालिका में भेदभाव समाज को पीछे ले जाता है। उन्होंने कन्याओं को शक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं-बालिकाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वालों पर कठोर कार्यवाही कर रहा है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home