खेतासराय पुलिस का बड़ा खुलासा : 162 जिंदा कछुए और 13 बोरे खाल के साथ अन्तर्राज्यीय तस्कर गिरफ़्तार

खेतासराय पुलिस का बड़ा खुलासा : 162 जिंदा कछुए और 13 बोरे खाल के साथ अन्तर्राज्यीय तस्कर गिरफ़्तार
(सोहराब)
जौनपुर, 20 सितम्बर। खेतासराय पुलिस ने अंतर्राज्यीय पेशेवर वन्यजीव तस्करी का बड़ा भंडाफोड़ करते हुए 162 जीवित कछुए (करीब 440 किलो वजन) और 13 बोरे में भरी कछुओं की खाल बरामद की है। बरामदगी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. कौश्तुभ के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजित सिंह चौहान के पर्यवेक्षण में, थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे रेलवे स्टेशन खेतासराय के पास गुप्त सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने दो आरोपियों— मोतीलाल पुत्र हजारी (36 वर्ष) और उसकी पत्नी ममता (26 वर्ष), निवासी परवेजपुर थाना जगदीशपुर, जनपद अमेठी—को गिरफ्तार किया। इनके पास से चार पिट्ठू बैगों में कुल 60 जीवित कछुए बरामद हुए।

पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नगर पंचायत खेतासराय वार्ड नं. 07 कासिमपुर निवासी मुस्ताक पुत्र एकलाख के घर से कछुए लेकर आए थे और इन्हें पश्चिम बंगाल ले जाने की योजना थी। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर मुस्ताक के घर की तलाशी ली, जहां अंडरग्राउंड पानी के टैंक से 102 जीवित कछुए तथा 13 बोरे में भरी कछुओं की खाल मिली। हालांकि मुस्ताक मौके से फरार हो गया।

थाना खेतासराय पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही वन विभाग को भी आवश्यक कार्यवाही हेतु सूचना दी गई है।

बरामदगी

कुल जीवित कछुए : 162 (60 पिट्ठू बैग से + 102 अंडरग्राउंड से)

कछुओं की खाल : 13 बोरे

कुल वजन : लगभग 440 किलो

अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य : लगभग 6 लाख रुपये


पुलिस टीम

थानाध्यक्ष रामाश्रय राय, व0उ0नि0 मो0 तारिक अंसारी, उ0नि0 अनिल कुमार पाठक, हे0का0 राजकुमार यादव, का0 बृजेश मिश्रा, का0 मनीष यादव, का0 सोनू गिरी एवं हे0का0 धर्मेन्द्र यादव शामिल रहे।

No comments

Post a Comment

Home