आकांक्षा हाट/सम्पूर्णता अभियान का भव्य शुभारम्भ, उत्कृष्ट कार्यों हेतु विभूतियों का हुआ सम्मान

आकांक्षा हाट/सम्पूर्णता अभियान का भव्य शुभारम्भ, उत्कृष्ट कार्यों हेतु विभूतियों का हुआ सम्मान
जौनपुर, 28 जुलाई 2025 – कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में आकांक्षा हाट एवं सम्पूर्णता अभियान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मड़ियाहूं की मा० विधायक डॉ. आर. के. पटेल एवं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

आकांक्षा हाट कार्यक्रम का आयोजन 28 जुलाई से 02 अगस्त 2025 तक किया जाएगा। समारोह में जिलाधिकारी ने मा० विधायक को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।

मा० विधायक डॉ. पटेल ने कहा कि जिलाधिकारी के कुशल निर्देशन में आकांक्षात्मक ब्लॉक रामपुर में शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में तीव्र प्रगति हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री मॉडल स्कूल रामपुर के निर्माण, सड़क विकास, नए विद्युत सब स्टेशन और बसुई नदी पर चेकडैम निर्माण जैसी योजनाओं की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि नीति आयोग के तहत संचालित आकांक्षात्मक विकास खंड कार्यक्रम में जनपद के रामपुर/मछलीशहर ब्लॉक को चुना गया है, जहां जुलाई से सितंबर 2024 तक संचालित सम्पूर्णता अभियान के तहत 06 इंडिकेटर्स को संतृप्त करने का लक्ष्य था। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश के 42 आकांक्षात्मक ब्लॉकों में 03 अथवा अधिक इंडिकेटर्स संतृप्त हुए।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मधुमेह व उच्च रक्तचाप तेजी से फैल रहे हैं, जिसके समाधान हेतु स्वस्थ जीवनशैली, हरी सब्जियों का सेवन और संतुलित आहार जरूरी है। उन्होंने ऑर्गेनिक खेती, मिट्टी परीक्षण और महिलाओं को लोन द्वारा स्वरोजगार से जोड़ने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम में विकास खंड रामपुर व मछलीशहर के खंड विकास अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं पर प्रकाश डाला। इस दौरान विधायक एवं जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई स्टॉल व प्रदर्शनी का निरीक्षण भी किया।

शिक्षा, चिकित्सा और स्वयं सहायता समूह के क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया, जिनमें 50 नामांकन कराने वाले शिक्षक विनोद, 104 डिलीवरी कराने वाली स्वास्थ्यकर्मी रेखा यादव, और स्वयं सहायता समूह से जुड़ी रेनू देवी प्रमुख रहीं।

कार्यक्रम का संचालन सलमान शेख ने किया और मुख्य विकास अधिकारी श्री ध्रुव खाड़िया ने समस्त आगंतुकों एवं प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया। इस आयोजन में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित अनेक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

विशेष योगदान – कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अरुण यादव की भूमिका सराहनीय रही।

No comments

Post a Comment

Home