जौनपुर में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा को मिला सम्मान

जौनपुर में निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा को मिला सम्मान
जौनपुर। शुक्रवार को नगर में भव्यता और श्रद्धा से परिपूर्ण भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र और देवी सुभद्रा की रथ यात्रा निकाली गई। रासमंडल स्थित श्री जगन्नाथ धाम से प्रारंभ हुई यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल षोडशोपचार पूजन से हुई, जिसका संचालन डॉ. रजनीकांत द्विवेदी के निर्देशन में किया गया और पूजन में मुख्य यजमान डॉ. रजनीश श्रीवास्तव सहित कई श्रद्धालु सम्मिलित हुए।
सायंकाल रथ यात्रा के शुभारंभ पर रथयात्रा महोत्सव समिति के अध्यक्ष शशांक सिंह 'रानू' एवं मुख्य अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानप्रकाश सिंह ने नारियल फोड़कर तथा आरती उतारकर यात्रा का शुभारंभ किया।
शहर कोतवाल का सराहनीय योगदान
इस रथ यात्रा को सफल और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने में नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्री मिथिलेश मिश्रा की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। श्रद्धालुओं की भीड़ और विशाल जनसमूह को देखते हुए उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को बखूबी संभाला।
कोतवाली पुलिस द्वारा स्वयं श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था करते हुए एक विशेष स्टॉल भी लगाया गया, जहां यात्रियों को निःशुल्क पेयजल, शरबत एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई। यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई और हर किसी ने पुलिस की इस संवेदनशील पहल की सराहना की।
रथयात्रा महोत्सव समिति की ओर से शहर कोतवाल मिथिलेश मिश्रा को स्मृति चिन्ह भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान श्रद्धालुओं की सेवा, यातायात व्यवस्था, शांति व्यवस्था और सामाजिक समरसता के साथ उनके कर्तव्यनिष्ठ कार्यों की सराहना के रूप में दिया गया।
कोतवाल मिथिलेश मिश्रा – एक जिम्मेदार और जनसंपर्क प्रिय अधिकारी
श्री मिथिलेश मिश्रा एक कर्मठ, अनुशासित और संवेदनशील पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। वे हमेशा जनसहयोग और शांति व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कानून व्यवस्था संभालने में अग्रणी रहे हैं। उनका व्यवहारिक दृष्टिकोण और आम नागरिकों से जुड़ाव उन्हें एक लोकप्रिय पुलिस अधिकारी बनाता है। चाहे धार्मिक आयोजन हो या आपदा प्रबंधन, श्री मिश्रा हर परिस्थिति में अपनी उपस्थिति और नेतृत्व क्षमता से प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करते हैं। इस अवसर पर रथयात्रा समिति के अध्यक्ष शशांक सिंह 'रानू' ने कहा, "शहर कोतवाल श्री मिथिलेश मिश्रा ने जिस समर्पण और सेवा भाव से रथ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया, वह प्रशंसा के योग्य है। हम सभी उनके आभारी हैं।"

No comments

Post a Comment

Home