मछलीशहर में तालाब पर अवैध कब्जे को लेकर डीएम हुये गम्भीर

जौनपुर। मछलीशहर तहसील क्षेत्र के घिसुआ कस्बे में स्थित तालाब की जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा किये जा रहे कब्जे का मामला सोमवार को जिलाधिकारी के दरबार में पहुंच गया। इसको गम्भीरता से लेते हुये जिलाधिकारी ने शीघ्र ही निस्तारण करने का आदेश जारी कर दिया। शिकायतकर्ता संतोष जायसवाल के अनुसार उक्त कस्बे में 57 डिस्मिल तालाब की जमीन है जिस पर क्षेत्र के ही मुजार गांव निवासी कुछ भू-माफिया तालाब की पूर्वी भाग पर सैकड़ों ट्रैक्टर मिट्टी डालकर कस्बे के वाटर चैनल को बाधित करते हुये रास्ते का निर्माण कर लिये हैं। इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी मछलीशहर से की गयी जिस पर हल्का लेखपाल ने जांचोपरांत आख्या दिया कि तालाब के आंशिक पूर्वी भाग पर मिट्टी डालकर रास्ते का निर्माण कर लिया गया है। इस पर 10 मार्च को यह आदेश पारित किया कि कब्जेधारकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कब्जा हटवाया जाय। वहीं नायब तहसीलदार ने रिपोर्ट लगाया कि पुलिस बल, संसाधन एवं स्वयं तहसीलदार की उपस्थिति में पायी गयी मिट्टी हटाना संभव है परन्तु आदेश का अनुपालन नहीं किया गया। इस पर भाजपा के एक प्रतिनिधिमण्डल ने सोमवार को जिलाधिकारी से मिलकर शिकायत किया जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी मछलीशहर को शीघ्र ही कब्जा हटाने का आदेश दिया। जिलाधिकारी से मिलने वालों में सुरेन्द्र विक्रम सिंह, संतोष जायसवाल, आलोक विश्वकर्मा, राजकुमार पटवा, विरेन्द्र मौर्या, बाबा रमेश चन्द्र यादव सहित अन्य लोग प्रमुख रहे।

No comments

Post a Comment

Home