जौनपुर जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी के कर कमलों द्वारा जिला महिला चिकित्सालय में स्थापित टीकाकरण सत्र स्थल का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान में 0 से 2 वर्ष तक के जिले के सभी बच्चों एवं गर्भवती माताओं को वृहद अभियान चलाकर टीकाकरण से आच्छादित किया जायेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. ओपी सिंह ने बताया कि 8 से 18 जनवरी 2018 तक सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान कार्यक्रम चलाने का निर्णय भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा लिया गया है। सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान में 0 से 2 वर्ष तक के सभी बच्चों एवं गर्भवती माताओं को वृहद अभियान चलाकर टीकाकरण से आच्छादित किया जाना है। इस अभियान के अन्तर्गत राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम में प्रयुक्त होने वाली सभी वैक्सीन (ओरल पोलियो, बीसीजी, हेपेटाईटिस बी, डीपीटी, मीजिल्स, जे.ई., एवं टेटनस) से नये व छूटे हुये सभी बच्चों को प्रतिरक्षित किया जायेगा, जिससे बच्चों को विभिन्न जानलेवा बीमारियों जैसे पोलिया, टी.बी., हेपेटाईटिस, गलाघोंटू, टेटनस, खसरा एवं जापानी बुखार से बचाया जा सके तथा इन बिमारियों के पश्चात् होने वाले कुपोषण से बचा जा सके। टीकाकरण अभियान की शिशु मृत्यु दर कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस अभियान में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम से छूटे हुए क्षेत्रों में 0 से 2 वर्ष तक के नये व छूटे हुए बच्चों को 8 से 18 जनवरी 2018 तक आच्छादित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान को सफल बनाने के लिए उपस्थित लोगों से अपील किया कि इस अभियान में 0 से 2 वर्ष तक के सभी बच्चों को आच्छादित करेंगे, नये एवं टीकाकरण से छूटे बच्चों पर विशेष फोकस रहेगा, जिससे टीकाकरण से कोई वंचित न रह जाय। इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसएमओ डब्ल्यूएचओ डा. आईएन तिवारी, अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय श्रीमती महालक्ष्मी वर्मा एचवी, श्रीमती मोहिनी देवी, सुधीर अष्ठाना आदि लोग उपस्थित रहे।

No comments
Post a Comment