आग लगने से हजारों की क्षति, कई पशु गये काल के गाल में

जौनपुर। जनपद के सरपतहां, मीरगंज, मछलीशहर थाना क्षेत्र में बीती रात विभिन्न तरीके से लगी आग से जहां हजारों रूपये की क्षति हो गयी, वहीं 4 पशुओं के जलने से मौत भी हो गयी।

सुइथाकला क्षेत्र के सराय मोहिउद्दीनपुर बाजार में बीती रात मिनरल वाटर की फैक्ट्री में शार्ट सर्किट के चलते आग लग गयी। जब तक लोग आग पर काबू पाते तब तक लगभग 15 हजार रूपये के सामान जलकर राख हो गये। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त बाजार मेंके अखण्डनगर मार्ग पर बाजार निवासी बृजेश अग्रहरि की मिनरल वाटर की फैक्ट्री है। बताया गया कि बीती रात शार्ट सर्किट के चलते फैक्ट्री में आग लग गयी। यह देख मौके पर क्षेत्रीय लोगों के प्रयास से किसी तरह आग पर काबू पा लिया गया लेकिन तब तक कुर्सी, मेज, पानी के डिब्बे समेत लगभग 15 रुपये के सामान जल कर राख हो गये।

मीरगंज संवाददाता के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र में हुई अगलगी की घटना में मकान व छप्पर जलकर राख हो गये। बताया गया कि स्थानीय थाना के लासा गांव में बीती रात हुई जहां चन्द्रशेखर हरिजन के मड़हे में लगी आग से गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया।

मछलीशहर संवाददाता के अनुसार स्थानीय थाना के कल्यानपुर गांव के गणेश प्रसाद पाण्डेय उर्फ गुण्डा के पक्के मकान सहित पशुशाला में आग लगने से 1 भैंस, 2 गाय व 1 बछिया की जलने से मौत हो गयी। परिजनों के अनुसार गाय व भैंस बच्चा देने वाली थी। आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया है। हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचकर आग लगने की रिपोर्ट लेकर मछलीशहर चले गये। बताया जा रहा है कि अगलगी की इस घटना में लाख रूपये का नुकसान हुआ है।

No comments

Post a Comment

Home