शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर सामने आया शिक्षक के ठगी का खेल

जौनपुर। नगर के बीआरपी इण्टर कालेज के एक शिक्षक पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रूपये ऐंठने का मामला सामने आया है। यह मामला तब सामने आया जब पीड़ित ने इसकी शिकायत जिलास्तरीय अधिकारियों से लेकर सूबे के मुख्यमंत्री को भेजा। साथ ही जिलाधिकारी व आरक्षी अधीक्षक से मिलकर अपना दर्द बयां किया। हालांकि इस मामले पर आरोपी शिक्षक ने अपने ऊपर लगे आरोपों को एक सिरे से खारिज करते हुये कहा कि मैं उससे पैसा लेना तो दूर, उसे पहचानता भी नही हूं। मालूम हो कि उमरपुर हरिबंधनपुर निकट सिटी रेलवे क्रासिंग के विनोद सेठ पुत्र विश्वनाथ प्रसाद सेठ ने मुख्यमंत्री को एक शिकायती पत्र भेजा। पत्र में उसने लिखा कि वह माध्यमिक शिक्षा चयन सेवा आयोग सन् 2013 पद पीजीटी समाज शास्त्र विषय के लिये आवेदन किया था। इसी बीच उसकी मुलाकात बीआरपी इण्टर कालेज के खेल शिक्षक रामदेव मिश्रा से कालेज के पास हो गयी। बातचीत में हुई जानकारी पर उक्त शिक्षक ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा चयन सेवा आयोग का सदस्य ललित श्रीवास्तव मेरा चेला है। उसको मैंने पढ़ाया है। पैसे लगेंगे लेकिन काम हो जायेगा। शिक्षक का कहना रहा कि दर्जनों लोगों का माध्यमिक शिक्षा चयन आयोग द्वारा नौकरी पक्की करवा चुका हूं। पीड़ित के अनुसार जब वह परिजनों को बताया तो परिवार सहित नाते-रिश्तेदार से कुल 10 लाख रूपया एकत्रित करके उक्त शिक्षक दे दिया। वर्ष 2016 के जुलाई माह में आये परीक्षा परिणाम में वह पास नहीं हुआ जिस पर वह उक्त शिक्षक से अपना पैसा वापस मांगा तो वह आनाकानी शुरू कर दिये। काफी थक-हार कर पीड़ित ने जिलास्तरीय अधिकारियों सहित सूबे के मुख्यमंत्री के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर उचित जांच कराकर कार्यवाही करते हुये न्याय दिलाने की मांग किया।

No comments

Post a Comment

Home