शाहगंज के विद्या मन्दिर में किया गया 100 पौधों का रोपण


जौनपुर। शाहगंज नगर के खुटहन मार्ग पर स्थित सेंट जेवियर स्कूल में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ जहां बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। महिन्द्रा फाइनेंस कम्पनी द्वारा विद्यालय प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 100 पौधों का रोपण किया गया। इसके पहले कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार सिंह ने बच्चों के साथ मिलकर किया। तत्पश्चात् कहा कि स्वस्थ शरीर व पर्यावरण के लिये पौधा लगाना अत्यन्त आवश्यक है। आज जिस तरह मनुष्य विकास के नाम पर धुंआधार हरे पेड़ों को काट करके कंक्रीट के जंगल खड़ा कर रहा है, उसका सीधा असर मनुष्य के स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण पर भी पड़ रहा है। प्रकृति के साथ मनुष्य द्वारा की जा रही जबरदस्ती से प्रकृति भी मानव जाति से नाराज हो रही है। कभी अधिक गर्मी तो कभी अधिक वर्षा इसी के विकरालता का परिचायक है। आज हरे पेड़ों की अवैध कटान के चलते हमें शुद्ध हवा भी नहीं मिल पा रही है। यदि समय रहते हमने पर्यावरण को संरक्षित करने के लिये बड़ी संख्या में पेड़ लगाकर प्राकृतिक संतुलन बनाने का प्रयास नहीं किया तो आने वाले समय में मनुष्य शुद्ध हवा के लिये तड़पकर मर जायेंगे। इस अवसर पर कुन्दन झा, विनोद कुमार, गनेश कुमार, विजय सिंह, एनडी तिवारी, शमीम अहमद, रजनीश, राजु, रमेश पाण्डेय, आलोक मिश्र के अलावा तमाम लोग उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home