मैड्रिड: विश्व के नंबर एक खिलाड़ी ब्रिटेन के एंडी मरे की क्ले कोर्ट पर खराब फार्म मैड्रिड ओपन में भी जारी रही और वह अंतिम-16 में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए जबकि दूसरे नंबर के सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने सेमीफाइनल और यहां चार बार चैंपियन रह चुके स्पेन के राफेल नडाल ने क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।
मरे को पहले राउंड में बाई मिली थी और उन्होंने दूसरा राउंड जीता था। लेकिन अंतिम-16 में मरे को क्रोएशिया के बोर्ना कोरिच ने लगातार सेटों में 6-3 6-3 से पीट दिया। मरे का इससे पहले बार्सिलोना ओपन और मोंटे कार्लाे मास्टर्स में भी निराशाजनक प्रदर्शन रहा था।
मैड्रिड में अंतिम 16 में बाहर होने का खामियाजा मरे को अब अपने ओवरऑल रैंकिंग अंकों के नुकसान के साथ उठाना होगा। मरे को बाहर करने वाले कोरिच का क्वार्टरफाइनल में आस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम से मुकाबला होगा जिन्होंने बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को 4-6 6-4 7-6 से हराया।
No comments
Post a Comment