सपा सरकार के भ्रष्टाचार की हो जाँच , दोषियों को मिले सज़ा : मौलाना कल्बे जव्वाद


जौनपुर। शिया धर्मगुरू मौलाना कल्बे जव्वाद ने नगर के बारा दुअरिया स्थित  सामिन हुसैन रिजवी के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुये कहा कि प्रदेश के योगी सरकार से हम सबको बहुत उम्मीदें हैं। हम सभी इस जनादेश का सम्मान करते हैं और यह भी उम्मीद करते हैं कि यह सरकार उन तमाम वादों को पूरा करेगी जो उसने चुनाव के दौरान जनता से किया था। पिछली सपा सरकार के भ्रष्टाचार पर उन्होंने कहा कि हम सभी ने मिलकर सपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिये आंदोलन किया था, क्योंकि इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर था। लोगों से भेदभाव किया जा रहा था। ऐसे में हम सब यह मांग करते हैं कि पूर्व की सपा सरकार में जो भी भ्रष्टाचार किया है, उसकी निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को सजा दी जाय। यही हमारे लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने का काम होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिस तरह से सबका साथ-सबका विकास का नारा देकर आगे बढ़ रहे हैं। हम भी यह उम्मीद करते हैं कि बिना जाति व मजहब की यह सरकार लोगों का काम करेगी। प्रदेश में बूचड़खानों को बंद करने पर उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिये कि वह यह देखे कि गैरकानूनी काम कोई न हो। लोगों को लाइसेंस मुहैया कराने के लिये सरकार को पहल करनी चाहिये, वरना जिस तरह से हालात प्रदेश के होते जा रहे हैं, उससे तो यह लगता है कि अब शेर को भी घास खाना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जो भी अवैध बूचड़खाने हैं, उस पर कार्यवाही की जाय परन्तु बेवजह सही लोगों को परेशान न किया जाय जिससे लोगों के रोजगार पर कोई असर न पड़े। सरकार को चाहिये कि एक कैम्प लगाकर लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। स्वच्छता अभियान पर मौलाना ने कहा कि यह सिर्फ प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के लिये यह अच्छा संदेश है। इस मौके पर शिया जागरण मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना हसन मेहदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे ।

No comments

Post a Comment

Home