बाल वाटिका को आदर्श एवं क्रियाशील बनाने पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण का समापन

जौनपुर, 26 सितंबर 2026। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के परिप्रेक्ष्य में प्री-प्राइमरी/ईसीसीई के अंतर्गत बाल वाटिका को क्रियाशील बनाने के उद्देश्य से आईसीडीएस विभाग के सीडीपीओ तथा बेसिक शिक्षा विभाग के नोडल एआरपी एवं शिक्षक संकुल का तीन दिवसीय जनपद स्तरीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण आज संपन्न हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन 24 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर के नेतृत्व में किया गया।

प्रशिक्षण का शुभारंभ वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा विभाग जौनपुर राजीव पांडेय द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में विकासखंड बदलापुर, बक्शा, बरसठी, जलालपुर, करंजाकला, धर्मापुर, खुटहन एवं केराकत से कुल 108 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया।

प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत प्री-प्राइमरी बच्चों के समग्र विकास से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई। साथ ही बाल वाटिका को आदर्श बाल वाटिका के रूप में विकसित करने, उसे प्रभावी एवं क्रियाशील बनाने तथा बच्चों के अनुकूल शिक्षण वातावरण तैयार करने के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की गई।

प्रशिक्षक के रूप में नोडल डायट मेंटर अमित कुमार, नोडल एसआरजी अजय कुमार मौर्य, नोडल एआरपी लइक अहमद तथा नोडल शिक्षक संकुल आलोक कुमार सिंह ने प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान डीसी निपुण अश्विनी सिंह एवं डीसी प्रशिक्षण विशाल कुमार उपाध्याय द्वारा समय-समय पर आवश्यक मार्गदर्शन एवं निर्देशन दिया गया।

समापन अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं गतिविधियों को अपने-अपने विकासखंडों में प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय स्तर पर आदर्श बाल वाटिका विकसित करने तथा इसके सुचारु संचालन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने पर जोर दिया।

No comments

Post a Comment

Home