गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक सम्पन्न

जौनपुर, 17 जनवरी 2026। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणतंत्र दिवस को गरिमापूर्ण, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रभात फेरी, शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन एवं विद्युत आपूर्ति सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि क्रॉस-कंट्री रेस के आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को निर्देशित किया गया कि यदि किसी सड़क पर गड्ढे हैं तो उन्हें शीघ्र दुरुस्त कराया जाए।
जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिया गया कि 26 जनवरी को जनपद की सभी शराब की दुकानें पूर्णतः बंद रहें और इसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध ढंग से तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार आयोजित किए जाएं तथा आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे

No comments

Post a Comment

Home