किशोरियों के सशक्तिकरण पर उड़ान परियोजना अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला संपन्न

जौनपुर, 30 जनवरी 2026। जन विकास संस्थान द्वारा संचालित उड़ान परियोजना के अंतर्गत आज जौनपुर जनपद में किशोरियों के सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य विषय रहा —
“किशोरियों के सशक्तिकरण में जिला स्तरीय सरकारी विभागों, मीडिया एवं सामाजिक संगठनों की भूमिका।”
कार्यशाला में मछलीशहर एवं मड़ियाहू ब्लॉक की 40 ग्राम पंचायतों से आईं कुल 60 किशोरियों ने सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर किशोरियों ने अपने-अपने गांवों में किए गए सकारात्मक सामाजिक बदलावों की प्रेरणादायक कहानियाँ साझा कीं, जिसने सभी प्रतिभागियों को समाज परिवर्तन के लिए आगे बढ़ने का उत्साह दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को शिक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा, बाल विवाह रोकथाम, मानव तस्करी से बचाव तथा पंचायत विकास में उनकी भागीदारी को सशक्त बनाना रहा।
मुख्य अतिथि श्री हरिनाथ भारती, प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, जौनपुर ने कहा कि मानव तस्करी एक गंभीर सामाजिक अपराध है, जिसकी रोकथाम के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विभिन्न टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए निर्भीक होकर सहायता लेने का संदेश दिया।
बाल कल्याण अधिकारी श्री चन्दन रॉय ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए किशोरियों को इसके विरुद्ध आवाज उठाने की शपथ दिलाई और सामाजिक परिवर्तन की अगुवाई करने के लिए प्रेरित किया।
जिला श्रम आयुक्त श्री देवब्रत यादव ने बाल श्रम उन्मूलन से संबंधित कानूनों की जानकारी दी तथा अटल आवासीय विद्यालय योजना के उद्देश्य एवं आवेदन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी श्री धर्मेन्द्र सिंह ने किशोरियों के लिए संचालित स्वास्थ्य योजनाओं, पोषण और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला।
साइबर सेल से श्री संतोष यादव ने डिजिटल सुरक्षा पर जानकारी देते हुए कहा — “जानकारी ही बचाव है,” और साइबर सतर्कता को समय की आवश्यकता बताया।
नारी चेतना फाउंडेशन की श्रीमती मुन्नी बेगम एवं श्रीमती रीतू यादव ने महिला सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास और सामुदायिक सहभागिता पर अपने विचार साझा किए।
इसके अलावा एडी जिला पंचायत राज अधिकारी श्री जयप्रकाश सिंह, श्री गायत्री प्रसाद यादव, महिला थाना प्रभारी श्रीमती श्यामा तिवारी, श्री संजय उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन जन विकास संस्थान के सचिव श्री राजमणि ने किया, जबकि शिव प्रकाश जी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रतिभागी किशोरियों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और आत्मविश्वास बढ़ाने वाला बताया।

No comments

Post a Comment

Home