ब्लॉक संसाधन केंद्र शाहगंज में ‘पॉवर एंजिल’ प्रशिक्षण सम्पन्न

बालिकाओं के सशक्तिकरण व आत्मरक्षा के लिए शिक्षकों को मिला विशेष प्रशिक्षण
जौनपुर, शाहगंज। ब्लॉक संसाधन केंद्र शाहगंज में शिक्षकों के लिए आयोजित दो दिवसीय ‘पॉवर एंजिल उन्मुखीकरण कार्यशाला’ मंगलवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को इस प्रकार प्रशिक्षित करना था कि वे विद्यालय स्तर पर बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मरक्षा सक्षम तथा नेतृत्व गुणों से सशक्त बना सकें।
कार्यक्रम का संचालन एवं मार्गदर्शन खंड शिक्षा अधिकारी श्री बसंत शुक्ला के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि—
> “बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता का विकास समाज की प्रगति की दिशा में सबसे मजबूत आधार है। शिक्षक यदि बालिकाओं को आत्मविश्वासी और निर्णयक्षम बनाएँ, तो वे स्वयं और समाज दोनों के लिए प्रेरणा बन सकती हैं।”
प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक विजय लक्ष्मी यादव एवं कादम्बरी कुशवाहा ने मीना मंच के गठन, उसके उद्देश्य तथा पॉवर एंजिल की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि मीना मंच के माध्यम से बालिकाओं को संवाद, नेतृत्व, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने का अवसर मिलता है।
यस फाउंडेशन से आए जितेंद्र जी ने टूल टेन के प्रयोग, बाल संरक्षण के उपायों तथा पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन विषयों की जानकारी शिक्षकों को बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में सहायक बनेगी।
कार्यशाला के समापन सत्र में प्रतिभागी शिक्षकों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने विद्यालयों में बालिकाओं को आत्मरक्षा, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता से सशक्त बनाने हेतु नियमित रूप से गतिविधियाँ संचालित करेंगे।

No comments

Post a Comment

Home