मेडिकल कॉलेज जौनपुर में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
जौनपुर, 10 अक्टूबर। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का आयोजन प्रधानाचार्य प्रो० आर०बी० कमल के संरक्षण में मानसिक रोग विभागाध्यक्ष डॉ० विनोद वर्मा के नेतृत्व में बड़े हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य प्रो० आर०बी० कमल ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि मानसिक स्वास्थ्य हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ मन ही स्वस्थ शरीर का आधार है।” विद्यार्थियों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि भावनाओं को दबाने के बजाय अभिव्यक्त करना चाहिए तथा योग, ध्यान, व्यायाम और पर्याप्त नींद जैसी आदतों को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो० ए०ए० जाफरी ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य केवल डॉक्टरों या विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है बल्कि प्रत्येक मरीज और उसके परिवार के लिए भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मरीज के साथ डॉक्टर और नर्स का संवेदनशील व सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार उसके मनोबल को बढ़ाता है और यही उपचार का पहला कदम है।
मानसिक रोग विभागाध्यक्ष डॉ० विनोद वर्मा ने बताया कि हर वर्ष 10 अक्टूबर को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष का विषय है— “संकटों और आपदाओं के दौरान मानसिक स्वास्थ्य सेवा तक पहुँच सुनिश्चित करना।” उन्होंने बताया कि डब्ल्यूएचओ के अनुसार हर आठ में से एक व्यक्ति मानसिक समस्याओं से ग्रसित है। भारत में भी लगभग 10.6% लोग मानसिक बीमारियों से जूझ रहे हैं और यह समस्या युवाओं में तेजी से बढ़ रही है।
सहायक आचार्य राहुल सिंह ने कहा कि सामान्य मानसिक बीमारियाँ जैसे अवसाद, चिंता और नींद की समस्या समय रहते इलाज से ठीक हो सकती हैं। अच्छी नींद, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं।
सीनियर रेजिडेंट डॉ० ईशा दत्त पाण्डेय ने आपदाओं और संकट की परिस्थितियों में मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आपदा राहत के साथ-साथ मानसिक परामर्श सेवाओं की उपलब्धता भी उतनी ही आवश्यक है।
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य प्रो० आशीष यादव, प्रो० उमेश सरोज, डॉ० विनोद कुमार सहित अनेक चिकित्सा शिक्षक, चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ, मरीज व उनके परिजन उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment