इमाम हसन अस्करी (अ.स.) की विलादत पर रक्तदान शिविर, बड़ी संख्या में लोगों ने किया रक्तदान
जौनपुर। हज़रत इमाम हसन अस्करी अलैहिस्सलाम की विलादत के अवसर पर बुधवार को हुसैनी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन के तत्वावधान में ज़िला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में स्वैक्षिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ धर्मगुरु मौलाना सफ़दर हुसैन ज़ैदी ने किया। इस मौके पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सैफ़ खान भी मौजूद रहे। मौलाना ज़ैदी ने रक्तदान को महान कार्य बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त चार लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि यह सबसे बड़ा दान है और इससे बढ़कर इंसानियत की कोई सेवा नहीं हो सकती।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सैफ़ खान ने रक्तदान को स्वास्थ्य की दृष्टि से भी लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के दौरान स्वास्थ्य जांच होती है, जिससे दाता को अपने स्वास्थ्य के बारे में जानकारी मिलती है। साथ ही रक्तदान से शरीर में नई रक्त कोशिकाओं का निर्माण होता है, जो दाता को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
हुसैनी ब्लड डोनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सैय्यद हसन मेंहदी ने कहा कि रक्तदान से न केवल किसी की जिंदगी बचती है, बल्कि समाज में मानवीयता और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। संस्था इसी उद्देश्य से लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान एसोसिएशन के महासचिव पत्रकार आरिफ़ हुसैनी, उपाध्यक्ष सैय्यद मुशरान जाफरी, सैय्यद शहनशाह हैदर, सैय्यद मोहम्मद अब्बास समर, सादिक़ रिज़वी, अम्बर अब्बास खान, नौशाद, संजय, जावेद सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
No comments
Post a Comment