जौनपुर में पोषण पंचायत आयोजित, पोषण माह को जन आंदोलन बनाने का आह्वान
जौनपुर 24 सितम्बर, 2025 उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के निर्देशानुसार मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत 8वां पोषण माह-2025 के तहत खुटहन विकास खंड सभागार में पोषण पंचायत का आयोजन मा0 सदस्य राज्य महिला आयोग, उ0प्र0 लखनऊ श्रीमती गीता बिन्द की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती गीता बिन्द ने कहा कि स्थानीय व मौसमी फल और सब्जियों का सेवन कर कुपोषण को दूर किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से चीनी, नमक और तेल का कम उपयोग करने और पोषण माह को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत सिंह चौहान ने मिशन शक्ति के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए मौके पर 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस सेवा की कार्यप्रणाली समझाई।
जिला प्रोबेशन अधिकारी बिजय कुमार पाण्डेय ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित महिला पेंशन, 1098 चाइल्डलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन और यौन उत्पीड़न अधिनियम 2013 पर विस्तार से जानकारी दी।
प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश यादव ने पोषण अभियान की जानकारी दी जबकि स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार ने बच्चों व किशोरों को आवश्यक टीकाकरण कराने की अपील की।
कार्यक्रम में 3 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार और 3 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की गई। साथ ही सभी आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और महिलाओं को सहजन के पौधे भेंट किए गए।
मा0 प्रधानमंत्री जी के "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के तहत श्रीमती गीता बिन्द ने विकास खंड परिसर में सहजन का पौधा रोपित किया।
आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा स्थानीय व मौसमी फल-सब्जियों के पोषण महत्व पर स्टॉल लगाया गया जिसका अधिकारियों ने अवलोकन किया।
कार्यक्रम का संचालन बाल विकास परियोजना अधिकारी सुरेश यादव ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख बृजेश यादव, डा0 प्रदीप कुमार, बाल संरक्षण अधिकारी चन्दन राय, मुख्य सेविका सुशीला वर्मा, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर बिपिन यादव, खुटहन थाने के अधिकारी व महिला कांस्टेबल समेत लगभग 200 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रतिभाग किया।
No comments
Post a Comment