विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
उमानाथ सिंह मेडिकल कॉलेज, जौनपुर में हुआ सफल आयोजन
(सोहराब)
जौनपुर, 28 जुलाई 2025:उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर आज एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. रूचिरा सेठी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. ए. ए. जाफरी के दिशा-निर्देशन में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार तथा कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. मुदित चौहान द्वारा किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रूचिरा सेठी ने अपने संबोधन में कहा कि "हेपेटाइटिस बी और सी जैसे वायरल संक्रमण लिवर को गंभीर क्षति पहुंचा सकते हैं, लेकिन यह रोकथाम योग्य हैं। समय पर जांच, टीकाकरण और जागरूकता ही इसका सबसे बड़ा बचाव है।"

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. डॉ. जाफरी ने बताया कि हेपेटाइटिस बी के लिए सुरक्षित टीका उपलब्ध है, जो नवजात शिशुओं से लेकर स्वास्थ्यकर्मियों तक को दिया जा सकता है। हेपेटाइटिस सी का इलाज भी संभव है यदि समय पर पहचान हो जाए।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद कुमार ने जानकारी दी कि संस्थान में हेपेटाइटिस से संबंधित निःशुल्क जांच, टीकाकरण एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध हैं। मातृत्व वार्ड में पैदा होने वाले बच्चों को टीकाकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।

आयोजक डॉ. मुदित चौहान ने हेपेटाइटिस बी को "एक मौन महामारी" करार देते हुए इसके लक्षण रहित फैलाव के प्रति सचेत किया।

इस अवसर पर आयोजित सेमिनार में डॉ. जितेन्द्र कुमार ने हेपेटाइटिस के विभिन्न प्रकारों (A, B, C, D, E) पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि Tenofovir, Entecavir जैसी दवाएं संक्रमण को नियंत्रित करने में कारगर हैं।

वहीं डॉ. आशुतोष सिंह ने हेपेटाइटिस बी और सी के निदान संबंधी परीक्षणों जैसे HBeAg, Anti-HBs, HBV DNA टेस्ट व फाइब्रोस्कैन आदि की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंत में उप-प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. आशीष यादव ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा, "स्वस्थ जीवन ही सच्ची समृद्धि है। आइए, हम सभी मिलकर हेपेटाइटिस को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लें।"

इस मौके पर डॉ. चंद्रभान, डॉ. आदर्श, डॉ. नवीन सिंह, डॉ. पूजा पाठक, डॉ. हमजा अंशारी, डॉ. श्वेता सिंह, डॉ. संजीव यादव सहित अनेक चिकित्सक, छात्र-छात्राएं, मरीज व तीमारदार उपस्थित रहे।


No comments

Post a Comment

Home