पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी ने पुलिस लाइन जौनपुर का किया निरीक्षण, प्रशिक्षण व्यवस्था का लिया जायज़ा

पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी ने पुलिस लाइन जौनपुर का किया निरीक्षण, प्रशिक्षण व्यवस्था का लिया जायज़ा
जौनपुर, 24 जुलाई 2025 (सू.वि.) —
पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र, श्री वैभव कृष्ण ने आज पुलिस अधीक्षक जौनपुर डॉ. कौस्तुभ की उपस्थिति में पुलिस लाइन जौनपुर का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण पुलिस आरक्षी भर्ती 2023 के अंतर्गत चयनित रिक्रूट आरक्षियों के लिए चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम की समीक्षा हेतु किया गया।

निरीक्षण के दौरान डीआईजी महोदय ने रिक्रूट आरक्षियों के बैरक, भोजनालय, स्नानागार एवं पेयजल आदि मूलभूत सुविधाओं का जायज़ा लिया तथा प्रशिक्षण से संबंधित अभिलेखों का भी अवलोकन किया। उन्होंने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं तत्परता के साथ करें, ताकि रिक्रूट आरक्षियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा सके।

पुलिस लाइन स्थित बहुद्देशीय सभागार में आयोजित गोष्ठी में डीआईजी श्री कृष्ण ने प्रशिक्षु आरक्षियों से संवाद स्थापित किया, उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनकी समस्याएं भी सुनीं। संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
श्री कृष्ण ने प्रशिक्षण के दौरान अनुशासन बनाए रखने, बेसिक पुलिसिंग की जानकारी पर विशेष ध्यान देने एवं RTC (Recruit Training Centre) की आवश्यकताओं का गंभीरतापूर्वक पालन करने की भी अपील की।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।


No comments

Post a Comment

Home