केन्द्रीय विद्यालय पयागपुर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का भव्य शुभारम्भ

केन्द्रीय विद्यालय पयागपुर में शैक्षणिक सत्र 2025-26 का भव्य शुभारम्भ
मा. राज्य मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने किया उद्घाटन

जौनपुर, 23 जुलाई 2025
मा. राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश, श्री गिरीश चन्द्र यादव ने आज केन्द्रीय विद्यालय, पयागपुर (जी.जी.आई.सी. परिसर) के शैक्षणिक सत्र 2025-26 का विधिवत शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी.बी. वर्मा ने मा. राज्य मंत्री एवं जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। तत्पश्चात डॉ. वर्मा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। विद्यालय के छात्रों द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का भावपूर्ण अभिनंदन किया गया।

मा. राज्य मंत्री श्री यादव ने अपने संबोधन में कहा कि यह जनपद के लिए गर्व की बात है कि केन्द्रीय विद्यालय का शैक्षणिक सत्र आरंभ हुआ है। यह विद्यालय न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देगा बल्कि छात्रों को भविष्य के लिए तैयार करने में भी सहायक होगा। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों एवं शिक्षा प्रेमियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद जौनपुर सदैव शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहा है, और यहां से निकले अनेक विद्यार्थी आज देश-विदेश में प्रशासन, विज्ञान, राजनीति व चिकित्सा जैसे क्षेत्रों में जनपद का नाम रोशन कर रहे हैं।

श्री यादव ने विद्यालय सत्र की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने नवीन प्रवेशित छात्रों को शिक्षण किट वितरित की तथा विद्यालय कक्षों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने कहा कि यह केन्द्रीय विद्यालय जनपद के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, जो मा. राज्य मंत्री के सतत प्रयासों से संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और सहयोग से हर कार्य में सफलता मिल सकती है और जनपद को विकास की नई ऊँचाईयों तक पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम का समापन उप-प्राचार्य ए.के. सिंह द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इन्द्रनन्दन सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



No comments

Post a Comment

Home