1 अगस्त को अटेवा निकालेगा रोष मार्च

1 अगस्त को अटेवा निकालेगा रोष मार्च
NPS/UPS एवं विद्यालय मर्जर के विरोध में गरजे कर्मचारी
जौनपुर, 30 जुलाई 2025: एनपीएस/यूपीएस और विद्यालयों के एकीकरण (मर्जर) के खिलाफ अटेवा पेंशन बचाओ मंच, जौनपुर आगामी 1 अगस्त को जिला मुख्यालय पर विशाल रोष मार्च निकालेगा। इस संबंध में मंगलवार को होटल रिवर व्यू में अटेवा कोर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें आंदोलन को सफल बनाने के लिए रणनीति तय की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए मण्डल उपाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव ने कहा कि विद्यालय मर्जर की नीति सामाजिक रूप से कमजोर वर्ग और बालिका शिक्षा पर सीधा हमला है। उन्होंने इसे शिक्षण व्यवस्था को कमजोर करने वाला कदम बताया।

महिला विंग की प्रदेश सह संयोजक डॉ. यामिनी सिंह ने कहा, "सरकार एक ओर 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' का नारा देती है, तो दूसरी ओर बेटियों के विद्यालयों को बंद कर रही है। यह दोहरा मापदंड अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"

माण्डलिक महामंत्री संदीप चौधरी ने एनपीएस/यूपीएस को न सिर्फ कर्मचारियों, बल्कि देश के भविष्य के लिए भी घातक करार दिया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था ने कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को पूरी तरह खत्म कर दिया है।

जिला संयोजक चन्दन सिंह एवं जिला महामंत्री इंदु प्रकाश यादव ने कहा कि अटेवा पूंजीवादी नीतियों और निजीकरण का पुरजोर विरोध करता रहेगा। वहीं जिला कोषाध्यक्ष नन्दलाल पुष्पक ने आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक शिक्षकों को सदस्यता दिलाने का आह्वान किया।

जिला कैडर प्रभारी टी. एन. यादव ने कहा कि सभी कार्यकर्ता आगामी कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी तन्मयता से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि जन आंदोलन तभी प्रभावी होता है जब जमीनी स्तर पर भागीदारी हो।

इस बैठक में प्रमुख रूप से जिला संगठन मंत्री अरविंद यादव, सुभाष सरोज, संदीप यादव, जगदीश यादव, प्रदीप चौहान, उदय राज पटेल, अनिल यादव, प्रदीप उपाध्याय, मनीष यादव, कृपानिधि यादव, सूरज कन्नौजिया, त्रिपुरेश, माणिक चंद पटेल, अखिलेश सिंह, अखिलेश यादव, लालबहादुर यादव, शशि राय सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक की अध्यक्षता सुभाष सरोज ने की और संचालन जिला महामंत्री इंदु प्रकाश यादव ने किया।

No comments

Post a Comment

Home