50 किलो रंगीन मिठाई मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मिलने पर जब्त कराई गई नष्ट

 जौनपुर में खाद्य विभाग की छापेमारी, 11 नमूने लिए गए; 98 किलो पिसी हल्दी जब्त
50 किलो रंगीन मिठाई मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मिलने पर जब्त कराई गई नष्ट

जौनपुर। ‘शुद्ध ही शुभ है’ प्रदेशव्यापी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने सोमवार, 2 नवंबर को मड़ियाहूं और बेलवा बाजार में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए कुल 11 नमूने संग्रहीत किए गए। वहीं, 98 किलोग्राम पिसी हल्दी जब्त की गई तथा मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाई गई 50 किलोग्राम रंगीन मिठाई को जब्त कर नियमानुसार नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जौनपुर के खाद्य सचल दल ने मड़ियाहूं बाजार स्थित मनोज जायसवाल के प्रतिष्ठान से शाही पेड़ा और सोनपपड़ी के नमूने लिए। रोहित ट्रेडर्स से बेसन और पिसी हल्दी के नमूने संग्रहीत किए गए। इसी प्रतिष्ठान से 98 किलोग्राम पिसी हल्दी, जिसकी अनुमानित कीमत 27 हजार रुपये बताई गई है, नियमानुसार जब्त की गई।

इसके अलावा चौरसिया मिष्ठान भंडार से बर्फी, श्याम स्वीट्स से छेना मिठाई तथा अमरदीप गुप्ता स्वीट्स शॉप से बर्फी का नमूना लिया गया।

बेलवा बाजार में राजेश कुमार की स्वीट शॉप से बर्फी, गौरव स्वीट्स से बर्फी, राकेश कुमार के प्रतिष्ठान से बूंदी के लड्डू तथा सूर्य नारायण किराना स्टोर से बेसन का नमूना संग्रहीत किया गया। राकेश कुमार के प्रतिष्ठान से 50 किलोग्राम रंगीन मिठाई भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई। मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर इसे नियमानुसार नष्ट करा दिया गया।

यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय डॉ. मंजुला सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल के नेतृत्व में की गई। विभागीय टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता जांच के लिए प्रक्रिया पूरी की।

विभाग के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित विनियमावली, 2011 के तहत नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments

Post a Comment

Home