जौनपुर की सभी तहसीलों में लगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

जौनपुर की सभी तहसीलों में लगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर, लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

01 नवंबर को दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित होगा जनपद स्तरीय मेगा विधिक सहायता शिविर

जौनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर शुक्रवार को जनपद की सभी तहसीलों में तहसील स्तरीय मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से जरूरतमंदों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।

जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशील कुमार शशि के निर्देशन में आयोजित शिविरों में ग्राम न्यायालय के न्यायिक अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों तथा पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) ने सक्रिय सहभागिता की।

शिविर में आमजन को आगामी 01 नवंबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले जनपद स्तरीय मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि इस आयोजन के माध्यम से विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत निर्बल वर्ग, दिव्यांगजनों, बच्चों, महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित किया जाएगा।

तहसील स्तरीय शिविरों में पहले से चिन्हित लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ वितरित किया गया। इसके साथ ही सभी तहसीलों में चिकित्सा शिविर लगाए गए तथा श्रम विभाग की ओर से श्रमिकों का पंजीकरण भी किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सुशील कुमार सिंह ने बताया कि जनपद स्तरीय मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन 01 नवंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से दीवानी न्यायालय परिसर में किया जाएगा। उन्होंने आमजन से शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

No comments

Post a Comment

Home