एकता और अखंडता का संदेश देकर बच्चों को दिलाया गया राष्ट्रहित का संकल्प
जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय शकरमंडी, नगर क्षेत्र जौनपुर में शनिवार को भारत की एकता और अखंडता के महान शिल्पकार एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं बच्चों ने उनके आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जनपद के एसआरजी (SRG) अजय कुमार मौर्य ने बच्चों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता का महत्व समझाते हुए 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कविता मौर्य ने भी बच्चों को सरदार पटेल के जीवन आदर्शों, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और देशभक्ति से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी बच्चों में मिष्ठान वितरण कराया।
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चे, प्रधानाध्यापिका कविता मौर्य एवं शिक्षक हृदय नारायण वर्मा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment