पेट्रोल पंप पर सोलर प्लांट लगाने के नाम पर साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर में साइबर क्राइम पुलिस ने पेट्रोल पंप संचालकों को सोलर प्लांट लगाने का झांसा देकर लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 सिम कार्ड और 2 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सचिन शर्मा पुत्र राजनारायण, निवासी आमी सराय सैफ खां, थाना पट्टी, जनपद प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ जौनपुर समेत विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। साइबर क्राइम पोर्टल पर भी उसके खिलाफ 6 से अधिक एनसीआरपी शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पेट्रोल पंप मालिकों और अन्य प्रतिष्ठानों की जानकारी जुटाकर उन्हें फोन करता था। इसके बाद सस्ते दाम पर सोलर पैनल लगाने का झांसा देकर व्हाट्सऐप के माध्यम से लूमिनस कंपनी के नाम से फर्जी एस्टीमेट भेजता था। भरोसा होने पर कुल लागत की करीब आधी रकम अलग-अलग किस्तों में एडवांस के रूप में अपने खातों अथवा परिचितों के खातों में मंगाकर निकाल लेता था।
पूछताछ में आरोपी द्वारा अब तक लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच साइबर क्राइम पोर्टल, समन्वय पोर्टल, प्रतिबिम्ब पोर्टल और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से की गई।
आरोपी के विरुद्ध जौनपुर, सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर, फतेहगढ़, प्रतापगढ़, लखनऊ, गोंडा और महोबा सहित विभिन्न जनपदों में कुल 10 मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है। इनमें धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर/नोडल साइबर क्राइम आयुष श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम गोल्डी गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने की।
गिरफ्तारी एवं तकनीकी सहयोग करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार सिंह, निरीक्षक देवानन्द रजक सहित साइबर क्राइम थाना के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

No comments

Post a Comment

Home