बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने किया विद्यालयों का औचक निरीक्षण, बच्चों के साथ बैठकर ग्रहण किया एमडीएम

जौनपुर, 09 मई 2026  जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल द्वारा शुक्रवार को विभिन्न विकासखण्डों के विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र उपस्थिति, साफ-सफाई एवं मध्याह्न भोजन व्यवस्था का जायजा लिया गया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्राथमिक विद्यालय शीतला चौकिया, विकासखण्ड धर्मापुर के निरीक्षण के दौरान शिक्षामित्र के अतिरिक्त सभी शिक्षक उपस्थित पाए गए। प्रार्थना सभा तक मात्र 14 छात्र उपस्थित होने पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं विद्यालय परिसर एवं किचन की बेहतर साफ-सफाई के लिए रसोइया को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया। अनुपस्थित शिक्षामित्र का मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया।
इसके बाद प्राथमिक विद्यालय सिद्दीकपुर, विकासखण्ड करंजाकला का निरीक्षण किया गया, जहां सभी शिक्षक उपस्थित मिले तथा शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश प्रधानाध्यापक को दिए गए।
प्राथमिक विद्यालय खानपुर अकबर, करंजाकला में विद्यालय परिसर अत्यंत गंदा मिला तथा जलभराव की समस्या के कारण छात्रों को आवागमन में कठिनाई हो रही थी। विद्यालय की टूटी चहारदीवारी एवं जल निकासी समस्या को गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने तत्काल नगर पालिका प्रशासन से वार्ता की। मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता एवं अध्यक्ष प्रतिनिधि ने एक माह के भीतर विद्यालय परिसर में सुधार का आश्वासन दिया।
प्राथमिक विद्यालय तरसांवा, विकासखण्ड शाहगंज में निरीक्षण के दौरान बच्चों को अव्यवस्थित ढंग से एमडीएम ग्रहण करते पाया गया। भोजन के समय कोई भी शिक्षक उपस्थित नहीं था, जिस पर बीएसए ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्वयं बच्चों को बरामदे में टाट-पट्टी पर बैठाकर उनके साथ भोजन किया। एमडीएम की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न मिलने पर प्रधानाध्यापक सहित समस्त स्टाफ का निरीक्षण तिथि का वेतन रोकते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
कम्पोजिट विद्यालय सिद्दीकपुर, करंजाकला के निरीक्षण में समस्त स्टाफ उपस्थित मिला तथा शैक्षणिक गुणवत्ता अच्छी पाई गई। कक्षा 8 की छात्रा आरुषि एवं छात्र विशेष ने गणित विषय में लघुत्तम एवं महत्तम समापवर्तक के प्रश्न ब्लैकबोर्ड पर हल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिस पर बीएसए द्वारा दोनों विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया गया।

No comments

Post a Comment

Home