जौनपुर, 01 मई 2026। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने तहसील मड़ियाहूं अंतर्गत विकासखंड रामनगर के दुहावर गांव में जन चौपाल आयोजित कर किसानों एवं ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने और फार्मर रजिस्ट्री अभियान को सफल बनाने पर विशेष बल दिया। साथ ही मौके पर फार्मर रजिस्ट्री के कार्यों का निरीक्षण भी किया।
जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों का सटीक और व्यवस्थित डाटा तैयार होगा, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं, अनुदान, फसल बीमा एवं अन्य सुविधाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से मिल सकेगा। उन्होंने किसानों से अपील की कि सभी किसान समय रहते अपना पंजीकरण अवश्य कराएं।
कार्यक्रम में फार्मर रजिस्ट्री अभियान में सहयोग करने वाले कर्मचारियों एवं जागरूक किसानों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही शासन की योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू होती हैं।
इस अवसर पर भूसा दान करने वाले ग्राम प्रधान एवं किसानों को “पुण्य की एफ.डी.” प्रमाण पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।
उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार एवं तहसीलदार राकेश कुमार ने भी किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया और इसके लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
जन चौपाल के दौरान किसानों ने खेती, राजस्व एवं अन्य समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment