पूविवि में पर्यावरण जागरूकता के लिये गोष्ठी आयोजित

जौनपुर।  वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान विभाग द्वारा शनिवार को पर्यावरण जागरूकता के लिये गोष्ठी का आयोजन संकाय भवन के कांफ्रेंस हाल में हुआ जहां पर्यावरण विज्ञान विभाग में पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। गोष्ठी में विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. वंदना राय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक की नहीं, वरन हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके संरक्षण के लिये आज एकजुट होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण से छेड़छाड़ से निकट भविष्य में विकट समस्या का सामना करना पड़ सकता है। छात्र कल्याण के अधिष्ठाता प्रो. अजय द्विवेदी ने कहा कि हमारा परम्परागत समाज पर्यावरण के प्रति बहुत संवेदनशील था लेकिन बदलते समय ने संवेदनशीलता को कम किया है। उन्होंने कहा कि एक पौधा 10 संतानों के बराबर होता है। इसी क्रम में बायो टेक्नोलाजी के प्रो. राजेश शर्मा ने कहा कि धरती व्यक्ति की सभी जरूरतों को पूरा कर सकती है परंतु मनुष्य की लालच को तृप्त नहीं कर सकती।  मनुष्य की लालच ने पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा डा. प्रदीप कुमार, डा. विवेक पाण्डेय सहित अन्य वक्ताओं ने अपना विचार व्यक्त किया। गोष्ठी का संचालन पर्यावरण विज्ञान विभाग के शिक्षक डा. कार्तिकेय शुक्ल ने किया। पोस्टर प्रतियोगिता में विज्ञान संकाय के बायो टेक्नोलाजी, माइक्रोबायोलाजी, बायोकेमिस्ट्री एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता में माइक्रोबायोलाजी की प्रीति को प्रथम, पर्यावरण विज्ञान विभाग की श्रुति मिश्रा को द्वितीय एवं मिथिलेश मिश्रा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर डा. सुनील कुमार, डा. एसपी तिवारी, डा. दिग्विजय सिंह राठौर, डा सुधांशु शेखर, डा. प्रभाकर सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

No comments

Post a Comment

Home