एआरटीओ ने स्कूली बच्चों को दिलाया यातायात नियमों का शपथ

जौनपुर। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन/प्रवर्तन सौरभ कुमार ने बताया कि 29वां सड़क सुरक्षा सप्ताह 23 से 29 अप्रैल के अन्तर्गत गुरुवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में असेम्बली के समय बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाया गया। साथ ही यातायात नियमों के सम्बन्ध में सूक्ष्म उद्बोधन भी दिया गया। श्री कुमार के साथ वरिष्ठ सहायक राकेश श्रीवास्तव ने जनककुमारी इण्टर कालेज हुसेनाबाद में 1400 बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाया। बच्चों ने संकल्प लिया कि हम यातायात सम्बन्धी समस्त नियमों का पालन करेंगे। हम बिना 18 वर्ष की आयु पूर्ण किये तथा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त किये किसी वाहन का संचालन नहीं करेंगे। हम बिना हेलमेट के मोटर साइकिल/स्कूटर नहीं चलायेंगे। हम वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करेंगे। साथ ही अन्य को भी प्रयोग के लिये प्रेरित करेंगे। हम खतरनाक ढंग से वाहन का संचालन नहीं करेंगे। हम वयस्क होने के पश्चात वाहन चलाते समय पैदल एवं साइकिल यात्रियों का सम्मान करेंगे। हम कभी भी नशे की स्थिति में वाहन का संचालन नहीं करेंगे। हम वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करेंगे। हम वाहन पर स्टंट आदि नहीं करेंगे। हम तेज गति से वाहन नहीं चलायेंगे। इस दौरान बच्चों से अपील की गयी कि अपने माता-पिता को बिना सीट बेल्ट लगाये वाहन न चलाने दें तथा यदि चार पहिया वाहन है तो बिना सीट बेल्ट लगाये वाहन का संचालन न करने दें। इसी क्रम में यात्री/मालकर अधिकारी मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने सेण्ट जान्स स्कूल सिद्दीकपुर में 1250 बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाया। एआरएम जौनपुर केसरी नन्दन ने सेण्ट पैट्रिक स्कूल पचहटियां में 1300 बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाया।

No comments

Post a Comment

Home